पटना डेस्क, बिहार के गया में गुरुवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने विष्णुपद मंदिर के पास फल्गु नदी पर रबर से निर्मित गयाजी डैम एवं सीताकुंड के लिए बने स्टील ब्रिज का लोकार्पण तथा पितृपक्ष मेला महासंगम का उद्घाटन किया। इस दौरान प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने मंच से सीएम नीतीश कुमार के पीएम पद की दावेदारी को पुख्ता किया। उन्होंने कहा कि जब नीतीश कुमार देश के पीएम बनेंगे तब तेजस्वी यादव बिहार के मुख्यमंत्री बनकर जनता की सेवा करेंगे।
गया में पूर्वजों के तर्पण हेतु मोक्षदायिनी फल्गु नदी में वर्ष पर्यन्त जल की उपलब्धता हेतु विष्णुपद मंदिर के निकट गया जी डैम तथा सीताकुण्ड जाने हेतु पुल का लोकार्पण किया। साथ ही पितृपक्ष महासंगम और राजकीय मेले का उद्घाटन किया। सीएम नीतीश ने कहा कि गया में निर्मित रबर डैम से पितृपक्ष मेला अवधि में एवं सालभर तीर्थयात्रियों के लिए फल्गु नदी में जल की उपलब्धता रहेगी। इससे तीर्थयात्रियों को तर्पण एवं श्राद्धकर्म को सम्पन्न करने में काफी सुविधा होगी।
‘देश का प्रधानमंत्री कैसा हो नीतीश कुमार जैसा हो
‘गया में मुख्यमंत्री की सभा में मौजूद लोगों ने देश का प्रधानमंत्री कैसा हो, नीतीश कुमार जैसा हो.. का नारा भी गूंजा। इसकी शुरुआत मंच से पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने अपने संबोधन के दौरान कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को बहुत साल हो गए बिहार की सेवा करते। अब जरा देश की भी सेवा कर लें। मांझी मगही भाषा में लोगों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि देश में नीतीश कुमार जब प्रधानमंत्री होंगे , तब न बिहार के मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव होंगे। उन्होंने इस दौरान सीएम नीतीश कुमार के इस प्रयास के लिए उन्हें धन्यवाद दिया।
थोड़ा इंतजार का मजा लीजिए- तेजस्वी
गया जी डैम के उद्घाटन के मौके पर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने अपने संबोधन जल संसाधन विभाग के सभी कर्मचारियों को धन्यवाद दिया। पितृपक्ष में देश विदेश से आएंगे और जब रबड़ डैम को देखेंगे तो हमारा सीना चौड़ा हो जाएगा। महागठबंधन की सरकार बनी है। मैं इतना जरूरी कहूंगा कि अपनी जिम्मेदारी से पीछे नहीं हटेंगे। सब काम किया जाएगा। रोजगार और नौकरी के दिशा में भी तेजी से काम किया जा रहा है। थोड़े इंतजार का मजा लीजिए। उन्होंने कहा कि जो काम कोई नहीं कर पाया वो काम मुख्यमंत्री जी करके दिखाएंगे।